Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बलरामपुर, 06 मई (हि.स.)। सुशासन तिहार के तहत विकासखंड कुसमी के ग्राम चांदो में बुधवार काे आयोजित शिविर में मोबाइल मेडिकल यूनिट (एमएमयू) के माध्यम से ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और जांच, उपचार व परामर्श का लाभ लिया।
ग्राम चांदो के रामदास सोनवानी ने दांत दर्द की समस्या के लिए शिविर में पहुंचकर दवा और परामर्श लिया। वहीं ग्राम धन्जी की समुद्री काशी, जो लंबे समय से कमर दर्द से परेशान थीं, उन्हें भी एमएमयू के माध्यम से राहत मिली।
मोबाइल मेडिकल यूनिट में एक चिकित्सक सहित चार सदस्यीय टीम तैनात है, जो तय कार्यक्रम के अनुसार गांव-गांव पहुंचकर सेवाएं दे रही है। टीम द्वारा मरीजों की निःशुल्क जांच, आवश्यक परीक्षण, परामर्श और दवाओं का वितरण किया जाता है। गंभीर मरीजों को आगे इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्रों में रेफर किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि पहले छोटी बीमारियों के इलाज के लिए भी दूर जाना पड़ता था, जिससे समय और पैसे दोनों की परेशानी होती थी। अब गांव में ही इलाज मिलने से उनकी समस्या काफी कम हुई है।
पीएम जनमन योजना के तहत संचालित मोबाइल मेडिकल यूनिट दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रही है। जिन क्षेत्रों में पहले प्राथमिक उपचार भी मुश्किल था, वहां अब नियमित रूप से चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो रही है। इससे ग्रामीणों को समय पर उपचार मिलने के साथ बीमारियों की पहचान भी जल्दी हो पा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय