Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जलपाईगुड़ी, 06 मई (हि. स.)। राज्य में तृणमूल कांग्रेस की करारी हार के बाद पार्टी के भीतर घमासान तेज हो गया है।
जलपाईगुड़ी जिला तृणमूल के चेयरमैन और वरिष्ठ विधायक खगेश्वर राय ने पार्टी के रणनीतिकार इंडियन पॉलिटिकल एक्शन कमेटी (आई-पैक) और राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी पर गंभीर आरोप लगाए है।
खगेश्वर ने दावा किया कि पार्टी के सभी कार्यक्रम आई-पैक तय करता था और बूथ या अंचल अध्यक्षों को कोई अधिकार नहीं था। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले मनमाने तरीके से अंचल अध्यक्ष बदले गए और यह सब आई-पैक व अभिषेक बनर्जी के निर्देश पर हुआ।
उम्मीदवार चयन को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि स्थानीय नेतृत्व को बिना बताए टिकट बांटे गए। राजगंज, जो कभी तृणमूल का मजबूत गढ़ था, वहां इस बार पार्टी को हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि एक खिलाड़ी को उम्मीदवार बनाया गया, लेकिन राजनीति और खेल अलग चीजें है, अनुभव की कमी का खामियाजा पार्टी को भुगतना पड़ा। तृणमूल नेता कृष्ण दास से जुड़े विवाद पर उन्होंने कहा कि यह पार्टी का नहीं, बल्कि व्यक्तिगत मामला है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को संयम बरतने की सलाह दी और भाजपा कार्यकर्ताओं के जश्न को सामान्य बताया। खगेश्वर रॉय के इन बयानों से जिला राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार