Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पश्चिमी सिंहभूम, 06 मई (हि.स.)। जिले की छात्रा प्रियंशी खत्री ने झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) की 12 वीं कॉमर्स परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य में तीसरा स्थान और पश्चिम सिंहभूम जिले में पहला स्थान हासिल किया है। प्रियंशी ने 500 में से 471 अंक प्राप्त कर 94.2 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, विद्यालय और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
संत जेवियर्स गर्ल्स इंटर कॉलेज, चाईबासा की छात्रा प्रियंशी खत्री की सफलता मेहनत और संघर्ष की मिसाल मानी जा रही है। वह सरायकेला-खरसावां जिले के चलियामा से रोजाना करीब 15 किलोमीटर का सफर तय कर पढ़ाई के लिए चाईबासा आती थीं। लंबी दूरी और दैनिक यात्रा की कठिनाइयों के बावजूद उन्होंने अपनी पढ़ाई पर पूरा ध्यान बनाए रखा और नियमित रूप से तैयारी करती रहीं।
प्रियंशी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने पिता संदीप खत्री, परिवार के सदस्यों और शिक्षकों को दिया है। उन्होंने बताया कि नियमित पढ़ाई, समय का सही प्रबंधन और लगातार अभ्यास उनकी सफलता की मुख्य वजह रही। वह सभी विषयों पर बराबर ध्यान देती थीं और समय-समय पर रिवीजन करती थीं, जिससे उनकी तैयारी मजबूत होती गई।
भविष्य में प्रियंशी चार्टर्ड अकाउंटेंट बनना चाहती हैं और इसके लिए आगे कॉमर्स में उच्च शिक्षा प्राप्त करेंगी। उनका कहना है कि यदि लक्ष्य तय हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए, तो किसी भी प्रकार की बाधा सफलता के रास्ते में रुकावट नहीं बन सकती।
विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने प्रियंशी खत्री की इस उपलब्धि पर खुशी जताई है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक