एकजुट होकर कांग्रेस की विचारधारा को पहुंचाएं जन-जन तक : रवि
खूंटी, 06 मई (हि.स.)। जिला कांग्रेस कमेटी की नवनियुक्त जिला कार्यकारिणी की पहली बैठक बुधवार को सांसद कालीचरण मुंडा के आवासीय कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष रवि मिश्रा ने की। बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत
कांग्रेस


खूंटी, 06 मई (हि.स.)। जिला कांग्रेस कमेटी की नवनियुक्त जिला कार्यकारिणी की पहली बैठक बुधवार को सांसद कालीचरण मुंडा के आवासीय कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष रवि मिश्रा ने की।

बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाने पर विस्तृत चर्चा हुई। जिला अध्यक्ष रवि मिश्रा ने सभी पदाधिकारियों से एकजुट होकर पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

इस दौरान नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति प्रमाण पत्र और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। रवि मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा जनता के हक और अधिकार की लड़ाई लड़ती रही है, इसलिए सभी पदाधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ करना होगा। उन्होंने प्रखंड, मंडल और पंचायत स्तर पर भी जिम्मेदारियां सौंपते हुए संगठन को घर-घर तक मजबूत बनाने पर बल दिया।

बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों ने बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने का संकल्प लिया।

मौके पर प्रदेश कोऑर्डिनेटर पीटर मुंडू, प्रदेश सचिव रामकृष्ण चौधरी, आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष विलसन तोपनो, प्रवक्ता रविकांत मिश्रा, नगर पंचायत अध्यक्ष गुलाम गौश सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा