आईजी ने धनबाद में की पहली समीक्षा बैठक, पुलिस अधिकारियों को दिया निर्देश
धनबाद, 06 मई (हि.स.)। बोकारो जोन के आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने बुधवार को पुलिस अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। पदभार संभालने के बाद यह उनकी धनबाद में पहली बैठक थी, जिसमें जिले के सभी पुलिस अधीक्षक, वरीय अधिकारी और थाना प्रभारी शामि
धनबाद समाहरणालय में एसएसपी संग आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा


धनबाद, 06 मई (हि.स.)। बोकारो जोन के आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने बुधवार को पुलिस अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। पदभार संभालने के बाद यह उनकी धनबाद में पहली बैठक थी, जिसमें जिले के सभी पुलिस अधीक्षक, वरीय अधिकारी और थाना प्रभारी शामिल हुए।

बैठक के दौरान आईजी ने अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चर्चा की और अपने कार्य-योजना को साझा किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को टीम वर्क के साथ काम करने और तय लक्ष्यों को हासिल करने पर जोर दिया। आईजी ने कहा कि बेहतर समन्वय और स्पष्ट रणनीति के जरिए ही पुलिसिंग को प्रभावी बनाया जा सकता है।

मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि 18 अप्रैल को पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने 25 अप्रैल को हजारीबाग में भी समीक्षा बैठक की थी, जिसमें वरीय पुलिस अधीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए थे। उसी कड़ी में धनबाद में यह बैठक आयोजित की गई है।

आईजी ने कहा कि सभी अधिकारियों को उनके लक्ष्य स्पष्ट रूप से बताए गए हैं और उन्हें उसी दिशा में कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि टीम के रूप में काम करते हुए पुलिस बेहतर प्रदर्शन करेगी और आम जनता को सुरक्षित माहौल प्रदान किया जा सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार झा