Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

खूंटी, 06 मई (हि.स.)। समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में बुधवार को जिला स्तरीय धान अधिप्राप्ति और अनुश्रवण समिति की बैठक हुई।
बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 में हुए धान अधिप्राप्ति (खरीदारी) की समीक्षा की गई, साथ ही आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए धान अधिप्राप्ति को और बढ़ाने को लेकर निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने लैम्प्स केंद्रों की स्थिति की समीक्षा करते हुए क्षेत्रवार आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त केंद्र खोलने के निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक किसानों से धान की खरीद सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों को इसका सीधा लाभ मिल सके।
बैठक में जिले में पंजीकृत किसानों की संख्या की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने व्यापक प्रचार-प्रसार और जागरूकता अभियान चलाकर अधिक से अधिक योग्य किसानों का पंजीकरण कराने का निर्देश दिया, जिससे वे धान अधिप्राप्ति सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें।
इसके अलावा जन वितरण प्रणाली के तहत राशन वितरण की स्थिति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी लाभुकों को निर्धारित मात्रा मंध समय पर राशन उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।
बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा