Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कानपुर, 06 मई (हि.स.)। राज्य स्तरीय विकसित भारत युवा संसद 2026 के तहत विधानसभा भवन लखनऊ में आयोजित तीन दिवसीय प्रतियोगिता में आईआईटी कानपुर के छात्र रश्मि रंजन शाहू ने तीसरा स्थान प्राप्त कर नोडल सेंटर का मान बढ़ाया।
इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 75 जिलों से कुल 375 प्रतिभागियों का चयन किया गया था, जिनमें विभिन्न नोडल सेंटरों से प्रतिभागियों ने भाग लिया। कार्यक्रम संचालन के लिए छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) को नोडल सेंटर बनाया गया था, जहां से चयन प्रक्रिया के बाद पांच प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए भेजा गया।
रश्मि रंजन शाहू ने इसी नोडल सेंटर का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति से निर्णायकों को प्रभावित किया और तीसरा स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने राष्ट्र स्तरीय प्रतियोगिता के लिए भी अपनी जगह सुनिश्चित कर ली है, जहां वह दिल्ली स्थित संसद में प्रस्तुति देंगे।
प्रतियोगिता में बलिया की शिप्रा सिंह ने दूसरा स्थान और जालौन के अंकित कुमार ने पहला स्थान प्राप्त किया। तीनों प्रतिभागियों ने अपने-अपने जिले और संस्थानों का नाम रोशन किया।
इस उपलब्धि को लेकर संबंधित संस्थानों में खुशी का माहौल है और इसे गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप