Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

हरदा, 06 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के हरदा जिले में गेहूं खरीदी में हो रही देरी से नाराज किसानों ने बुधवार को नर्मदापुरम- खंडवा स्टेट हाईवे पर चक्काजाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। करीब डेढ़ घंटे तक चले इस विरोध प्रदर्शन के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।
किसानों का गुस्सा पिछले कई दिनों से उपज की तुलाई न होने के कारण फूट पड़ा। बुधवार दोपहर लगभग 3:30 बजे बड़ी संख्या में किसान पलासनेर समिति के अंतर्गत मां अमृता वेयरहाउस पहुंचे और वहां से स्टेट हाईवे पर आकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शन कर रहे किसानों का कहना था कि वे पिछले 9 से 10 दिनों से अपनी गेहूं उपज लेकर खरीदी केंद्र पर इंतजार कर रहे हैं, लेकिन तुलाई शुरू नहीं की गई। खरीदी की अंतिम तिथि नजदीक होने के बावजूद प्रक्रिया में हो रही देरी से उन्हें आर्थिक नुकसान की आशंका सताने लगी थी।
किसान नेता नितेश पाटिल, भागीरथ भायरे, प्रवीण बांके और गोविंद पाटिल सहित अन्य किसानों ने आरोप लगाया कि स्लॉट बुकिंग, परिवहन व्यवस्था और वेयरहाउस प्रबंधन में गंभीर अव्यवस्थाओं के कारण खरीदी प्रभावित हो रही है। चक्काजाम की सूचना मिलते ही हरदा एसडीएम अशोक कुमार डेहरिया मौके पर पहुंचे और किसानों से चर्चा की। उन्होंने समस्या के त्वरित समाधान का आश्वासन दिया और बताया कि हम्मालों की कमी के कारण तुलाई में बाधा आ रही है, जिसे दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासनिक पहल के बाद शुभम वेयरहाउस पर गेहूं खरीदी प्रक्रिया शुरू कराई गई, जिसके बाद किसानों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया और करीब डेढ़ घंटे बाद जाम खोल दिया।
इस दौरान कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहन साई सहित कई किसान नेता भी मौके पर पहुंचे और किसानों की मांगों का समर्थन किया। किसानों के अनुसार, स्लॉट बुकिंग, परिवहन और वेयरहाउस प्रबंधन में अव्यवस्था के चलते खरीदी प्रक्रिया प्रभावित हो रही है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान और परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे