Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

-तीन आरोपी भिवानी जिला व एक आरोपी दादरी जिला का रहने वाला
गुरुग्राम, 06 मई (हि.स.)। ग्राइंडर ऐप के माध्यम से संपर्क करके 22 वर्षीय युवक का अपहरण कर लिया गया। इसके बाद उससे मारपीट की गई। उसके मोबाइल फोन के माध्यम से बैंक खाते से जबरदस्ती रुपये ट्रांसफर करा लिए गए। इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने स्वीकार किया है कि वे नशा करने के आदी हैं। नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया। गुरुग्राम पुलिस इस मामले में ग्राइंडर ऐप कंपनी को भी नोटिस जारी करेगी।पुलिस प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि पांच मई 2026 को पुलिस थाना आईएमटी सेक्टर-7 मानेसर में एक युवक ने शिकायत दी। शिकायत में बताया कि वह गांव कासन में किराए पर रहता है। चार मई 2026 की रात वह किराये के मकान के बाहर गली में खड़ा था। इस दौरान एक सफेद रंग की स्विफ्ट गाड़ी में आए चार युवकों ने उसे जबरदस्ती गाड़ी में बैठा लिया और कासन पहाडिय़ों की तरफ ले गए। उसके साथ मारपीट करते हुए उससे 50 हजार रुपये की मांग की। रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी। उसका मोबाइल फोन छीनकर उसका पासवर्ड पूछा तथा 2,500 रुपये अपने स्कैनर में ट्रांसफर कर लिए। युवक मौका पाकर वहां से भाग आया। इस शिकायत पर पुलिस थाना सेक्टर-7 आईएमटी मानेसर में केस दर्ज किया गया है।अपराध शाखा मानेसर की पुलिस टीम द्वारा इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशीष (उम्र 19 वर्ष), निवासी गांव जुई जिला भिवानी, नरेश कुमार (उम्र 21 वर्ष) निवासी गांव बिसालवास, जिला भिवानी, शिवम (उम्र 19 वर्ष) निवासी गांव दुलेड़ी जिला भिवानी व आशु (उम्र 25 वर्ष) निवासी गांव लोहरवाड़ा जिला चरखी दादरी के रूप में हुई। आरोपी आशीष, नरेश कुमार व शिवम को आईएमटी मानेसर से गिरफ्तार किया गया। आरोपी आशु को गांव भांगरौला से गिरफ्तार किया गया। पुलिस पूछताछ में पता चला है कि आरोपी नरेश गुरुग्राम में रैपिडो चलता है। आरोपी आशु गांव बांस मानेसर में परचून की दुकान चलाता है।
ग्राइंडर ऐप से युवक के साथ हुआ था संपर्क
आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि उनका शिकायतकर्ता से संपर्क ग्राइंडर ऐप के माध्यम से हुआ था। इसके बाद आरोपी शिकायतकर्ता को कार में बिठाकर ले गए और उसके साथ मारपीट की। उसके मोबाइल फोन से रुपये ट्रांसफर करने की वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने वारदात में प्रयोग की गई स्विफ्ट गाड़ी दादरी से किराये पर ली थी।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर