Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बलरामपुर, 06 मई (हि.स.)। जिले में सुशासन तिहार के तहत जनसमस्या निवारण शिविरों का आयोजन लगातार किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को विकासखंड राजपुर के ग्राम पंचायत कोटडीह और कुसमी के चांदो में शिविर आयोजित हुए, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं रखीं और योजनाओं का लाभ लिया।
चांदो शिविर में सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज और सामरी विधायक उद्देश्वरी पैंकरा मौजूद रहीं। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर ही कई मामलों का निराकरण किया गया।
सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रशासन गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहा है। उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए हैं, जहां त्वरित निराकरण किया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से शिविर में पहुंचकर योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।
सामरी विधायक उद्देश्वरी पैंकरा ने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से शासन-प्रशासन एक ही स्थान पर आम जनता की समस्याओं का समाधान कर रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करें। साथ ही गर्मी को देखते हुए पेयजल समस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान देने को कहा।
शिविर में स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, विद्युत और राजस्व सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनकी समस्याओं पर कार्रवाई की गई। मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से स्वास्थ्य जांच भी की गई, जिससे ग्रामीणों को मौके पर ही इलाज की सुविधा मिली।
शिविर के दौरान हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत लाभ वितरित किए गए। वय वंदन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड सहित अन्य सामग्री का वितरण किया गया। साथ ही गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और शिशुओं का अन्नप्राशन भी कराया गया।
आंकड़ों के अनुसार विशेष अभियान के दौरान 22 से 27 अप्रैल तक 2264 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 536 का निराकरण किया जा चुका है। चांदो शिविर में 206 आवेदन मिले, जिनमें 10 का समाधान हुआ, जबकि कोटडीह में 138 आवेदन में से 87 का निराकरण किया गया।
जिला प्रशासन ने बताया कि 7 मई को विकासखंड रामचंद्रपुर के तांबेश्वर नगर और वाड्रफनगर के गुडरू में शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां आमजन अपनी समस्याएं दर्ज कराकर समाधान प्राप्त कर सकेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय