Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जयपुर, 06 मई (हि.स.)। हरमाड़ा थाना इलाके में बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सीकर रोड स्थित हरमाड़ा घाटी में तेज रफ्तार बस ने बोलेरो गाड़ी को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बोलेरो अनियंत्रित होकर डिवाइडर कूदते हुए दूसरी लेन में चली गई और सामने से आ रही एंबुलेंस से जा भिड़ी। हादसे में एंबुलेंस में सवार मरीज समेत करीब 8 लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया।
थानाधिकारी उदय सिंह यादव ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो और एंबुलेंस दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। वाहनों में फंसे घायलों को कड़ी मशक्कत से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं हादसे में घायल लोगों में से कुछ को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि 3 से 4 गंभीर घायलों का उपचार अस्पताल में जारी है।
इस हादसे के कारण सीकर रोड पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारू करवाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार बस ने आगे चल रही बोलेरो को जोरदार टक्कर मारी, जिससे यह हादसा हुआ। घटना के बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार बस चालक की तलाश शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश