Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पन्ना, 06 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के पन्ना टाइगर रिजर्व (पीटीआर) के कोर एरिया में बुधवार को एक अधेड़ व्यक्ति का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में दहशत फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक की अब तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। शव पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर नीचे उतारा।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मृतक की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, हालांकि पुलिस ने जांच पूरी होने तक किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से इंकार किया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश पांडे