डीआईजी ने पुलिस लाइन और एसएसपी कार्यालय का किया वार्षिक निरीक्षण, परखी व्यवस्थाएं
बरेली, 06 मई (हि.स.) । उत्तर प्रदेश के बरेली परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक अजय कुमार साहनी ने बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परेड की सलामी ली और मार्च-
पुलिस पेंशनर्स से संवाद करते डीआईजी


पुलिस लाइन में मार्च-पास्ट का निरीक्षण करते डीआईजी


मेस में भोजन की गुणवत्ता जांचते डीआईजी


शस्त्रागार का निरीक्षण कर निर्देश देते डीआईजी


बरेली, 06 मई (हि.स.) । उत्तर प्रदेश के बरेली परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक अजय कुमार साहनी ने बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परेड की सलामी ली और मार्च-पास्ट का अवलोकन करते हुए पुलिसकर्मियों के टर्नआउट की बारीकी से जांच की। इस दौरान उन्होंने अनुशासन और प्रस्तुति को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

बुधवार काे निरीक्षण की शुरुआत पुलिस लाइन में परेड से हुई, जहां विभिन्न टोलियों की ड्रेस, अनुशासन और समन्वय का आकलन किया गया। इसके बाद डीआईजी ने शस्त्रागार का निरीक्षण कर हथियारों के रखरखाव, साफ-सफाई और अभिलेखों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने शस्त्रों को मानक के अनुरूप सुरक्षित रखने और नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसी क्रम में मोटर ट्रांसपोर्ट (एमटी) शाखा, फील्ड यूनिट और घुड़साल का भी निरीक्षण किया गया। वाहनों की स्थिति, उनके रखरखाव और उपलब्ध संसाधनों की जांच करते हुए उन्होंने आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। स्वान दस्ता (डॉग स्क्वॉड) के निरीक्षण के दौरान खोजी कुत्तों ने डेमो प्रस्तुत किया, जिसकी डीआईजी ने सराहना की। वहीं अग्निशमन टीम के निरीक्षण में उनके रिस्पॉन्स टाइम का मूल्यांकन किया गया और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

डीआईजी ने यूपी-112 सेवा के तहत संचालित दोपहिया और चारपहिया वाहनों का भी विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रिस्पॉन्स टाइम, उपलब्ध उपकरणों, रजिस्टरों और घटनाओं पर की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की। उन्होंने संवेदनशील स्थानों (हॉटस्पॉट) के चिन्हांकन और प्रभावी पुलिसिंग के लिए विशेष रणनीति अपनाने के निर्देश दिए।

इसके अलावा सीसीआर, डीसीआर और 112 कंट्रोल रूम का निरीक्षण करते हुए कॉल रिस्पॉन्स टाइमिंग, लंबित और निस्तारित मामलों की समीक्षा की गई। उन्होंने बेहतर समन्वय और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया। पुलिस लाइन्स स्थित बैरकों का निरीक्षण कर साफ-सफाई, अनुशासन और आवासीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। मेस में भोजन की गुणवत्ता जांची गई और कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक यातायात कार्यालय और परिवहन शाखा के निरीक्षण के दौरान वाहनों की स्थिति, कैदियों के सुरक्षित परिवहन की व्यवस्था और ड्यूटी पर तैनात कर्मियों की उपलब्धता का आकलन किया गया। साथ ही नवीन वज्र वाहनों का भी निरीक्षण किया गया। क्वार्टर गार्ड में सलामी लेने के बाद शस्त्रों के रखरखाव और अभिलेखों का परीक्षण किया गया। आदेश कक्ष में अभिलेखों और रजिस्टरों की जांच करते हुए डीआईजी ने उन्हें अद्यतन और सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने एसएसपी कार्यालय का निरीक्षण कर विभिन्न शाखाओं, स्थानीय अभिसूचना इकाई और अन्य प्रशासनिक इकाइयों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की।

निरीक्षण के अंत में डीआईजी ने पुलिस पेंशनर्स के साथ संवादात्मक बैठक की। इस दौरान उन्होंने उनकी समस्याएं सुनी और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। कार्यक्रम में एसएसपी बरेली सहित जिले के सभी प्रमुख पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार