Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 06 मई (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने राष्ट्रीय स्तर के बॉक्सर विकास उर्फ भिंडा की हत्या के मामले में फरार चल रहे घोषित अपराधी सुमित राणा उर्फ छोटू को गिरफ्तार किया है। आरोपित पिछले आठ महीने से फरार था और हत्या के बाद लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बच रहा था। क्राइम ब्रांच के द्वारा मिली जानकारी के अनुसार सुमित राणा कुख्यात सोनू ठेकेदार गैंग का सदस्य है और इस हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता बताया जा रहा है। उसे आदर्श नगर इलाके से गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक, 29 जुलाई 2025 को बाबा हरिदास नगर इलाके में राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियन विकास उर्फ भिंडा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात को चार आरोपितों ने मिलकर अंजाम दिया था। जांच में सामने आया था कि गैंग के सरगना विकास दहिया उर्फ सोनू ठेकेदार ने अपने साथियों के साथ मिलकर पुरानी रंजिश के चलते इस हत्या की साजिश रची थी।
आरोप है कि इलाके में दबदबा कायम करने और कारोबारियों में डर पैदा करने के मकसद से वारदात को अंजाम दिया गया। हत्या के बाद एक आरोपित आकाश गहलोत को स्थानीय पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था, जबकि सुमित राणा सहित अन्य आरोपी फरार हो गए थे। बाद में अदालत ने उन्हें घोषित अपराधी करार दिया था। क्राइम ब्रांच ने इससे पहले 12 अप्रैल 2026 को गैंग सरगना विकास दहिया उर्फ सोनू ठेकेदार को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया था। हालांकि उस दौरान सुमित राणा जीरकपुर से भाग निकला था।
पुलिस को हाल में सूचना मिली कि सुमित राणा दिल्ली के आदर्श नगर इलाके में छिपा हुआ है। इसके बाद तकनीकी निगरानी और फील्ड वेरिफिकेशन के आधार पर छापा मारकर उसे दबोच लिया गया। पूछताछ में आरोपित ने खुलासा किया कि हत्या की साजिश उसने अपने चचेरे भाई विकास दहिया के साथ मिलकर रची थी। हत्या के बाद इस्तेमाल हथियार भी कुछ समय तक उसके पास रहा, जिसे बाद में उसने सह-आरोपी को सौंप दिया था। पुलिस के अनुसार आरोपित होटल मैनेजमेंट में डिप्लोमा धारक है और मलेशिया व दुबई में काम कर चुका है। जुलाई 2025 में दिल्ली लौटने के बाद वह फिर अपराध की दुनिया में सक्रिय हो गया। क्राइम ब्रांच अब मामले में अन्य फरार आरोपितों की तलाश कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी