Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

धमतरी, 06 मई (हि.स.)। शहर को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम प्रशासन इन दिनों पूरी सख्ती के मूड में नजर आ रहा है। लंबे समय से चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान के बावजूद कुछ लोगों और संस्थानों की लापरवाही अब प्रशासन के निशाने पर है। इसी कड़ी में बुधवार को नगर निगम की टीम ने व्यापक निरीक्षण अभियान चलाते हुए कई स्थानों पर कड़ी कार्रवाई की है।
निरीक्षण के दौरान दुकानदारों और डेयरी संचालकों द्वारा स्वच्छता नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर निगम प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कुल 38,800 रुपये का जुर्माना लगाया। गंदगी फैलाने और नियमों की अनदेखी करने वाले दो डेयरी संचालकों पर विशेष रूप से कार्रवाई की गई। वहीं अत्यधिक लापरवाही सामने आने पर विनय गौली डेयरी को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया, जिससे अन्य डेयरी संचालकों में हड़कंप की स्थिति बन गई है। नगर निगम की टीम ने सोरिद स्थित रिलायंस स्मार्ट प्वाइंट संचालक को भी नोटिस जारी किया है।
स्वच्छता मानकों के उल्लंघन पर 24 घंटे के भीतर 10 हजार रुपये की पेनाल्टी जमा करने के निर्देश दिए गए हैं। तय समय सीमा में राशि जमा नहीं करने पर प्रतिष्ठान को सील करने की चेतावनी दी गई है। अभियान के दौरान रामबाग से घड़ी चौक तक प्लास्टिक और पालीथीन के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। इस दौरान चार किलोग्राम पॉलीथीन और 18 नग प्लास्टिक डिस्पोजल सामग्री जब्त की गई। साथ ही दुकानों में कचरा इधर-उधर न फेंकने और डस्टबिन के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता स्टिकर भी लगाए गए।
स्वास्थ्य अधिकारी शशांक मिश्रा ने स्पष्ट किया कि शहर में स्वच्छता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई में सुनील साळुंके, धनेश सिन्हा, मुकेश साहू, राजेंद्र नाग, गिरवर सिन्हा, सुरेश सिन्हा, सुनील रजक, अश्वनी राजपूत, यशवंत पटेल, गोलू पटेल और जिनेंद्र मारकंडे सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम सक्रिय रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा