Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

गोरखपुर, 06 मई (हि.स.)। बुधवार शाम हुई बारिश के दौरान नवागत नगर आयुक्त अजय जैन ने अपर नगर आयुक्त के साथ महानगर के विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जलभराव की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल जलनिकासी सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने गोलघर, धर्मशाला ओवरब्रिज, असुरन, सिनेमा रोड, विजय चौक और सावित्री हॉस्पिटल सहित कई प्रमुख स्थानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जहां-जहां जलभराव और नालों के जाम होने की समस्या मिली, वहां तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
सावित्री हॉस्पिटल के सामने कूड़े के कारण चोक हुए नाले को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त ने संबंधित सफाई निरीक्षक को तत्काल प्रभाव से विधिवत सफाई कराने के निर्देश दिए, ताकि जलनिकासी सुचारु रूप से हो सके और आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
नगर आयुक्त अजय जैन ने स्पष्ट कहा कि बारिश के मौसम में जलभराव की समस्या किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने, नालों की नियमित सफाई और जलनिकासी की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम की टीम को अलर्ट मोड में रहकर कार्य करने और शहरवासियों को राहत देने के लिए हर संभव प्रयास करने को कहा गया।
इस दौरान नगर निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौके पर मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय