Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सतना, 06 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना जिले के चित्रकूट थाना क्षेत्र अंतर्गत बगदरा घाटी में बुधवार शाम काे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बारातियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें करीब 23 यात्री घायल हो गए। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार बस क्रमांक एमपी 17 पी 0516 उत्तर प्रदेश के रहपुरा से बारात लेकर रीवा गई थी। शादी समारोह संपन्न होने के बाद बस बारातियों को लेकर वापस लौट रही थी। शाम लगभग 5 बजे जब वाहन बगदरा घाटी क्षेत्र से गुजर रहा था, तभी अचानक बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे पलट गई।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण बस की कमानी टूटना बताया जा रहा है, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा और तेज ढलान व घुमावदार रास्ते पर बस पलट गई। हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई और यात्री अंदर फंस गए। सूचना मिलते ही मझगवां और चित्रकूट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया और घायलों को बस से बाहर निकालकर तत्काल जानकीकुंड अस्पताल पहुंचाया गया।
चिकित्सकों के अनुसार तीन घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जिन्हें विशेष निगरानी में रखा गया है, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि के लिए बस में सवार यात्रियों और चालक से भी पूछताछ की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे