Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

संगठन-सरकार की छवि को और सशक्त बनाने पर जोर
भोपाल, 06 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल और प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित मीडिया विभाग की बैठक को संबोधित किया। बैठक में संगठन और सरकार की उपलब्धियों को अधिक प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि प्रवक्ताओं को सुनियोजित रणनीति के साथ कार्य करते हुए संगठन और सरकार की सकारात्मक छवि को मजबूत करना प्राथमिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में मीडिया केवल सूचना का माध्यम नहीं रह गया है, बल्कि यह जनमानस में धारणा (परसेप्शन) निर्माण का एक सशक्त माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सोशल मीडिया और पारंपरिक मीडिया के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी बल दिया।
संगठन सर्वोपरि की भावना के साथ कार्य करें : डॉ. महेन्द्र सिंह
प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि मीडिया विभाग का प्रत्येक सदस्य संगठन की मजबूत आवाज है और उसे पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी विषय पर तथ्यात्मक, प्रमाणिक और संतुलित जानकारी के आधार पर ही प्रस्तुति दी जाए। उन्होंने कहा कि मीडिया और सोशल मीडिया का व्यापक प्रभाव है, इसलिए सकारात्मक संवाद और सतत संपर्क के माध्यम से संगठन और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि मध्यप्रदेश का मीडिया विभाग पहले से बेहतर कार्य कर रहा है, लेकिन इसे और अधिक प्रभावी बनाने के लिए संगठित और सक्रिय प्रयास जरूरी हैं।
मीडिया विभाग बन रहा है आधुनिक और प्रभावी मंच
प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल के नेतृत्व में मीडिया विभाग लगातार नवाचार की दिशा में आगे बढ़ रहा है। अब यह विभाग केवल प्रेस रिलीज तक सीमित न रहकर थिंक टैंक और सूचना विश्लेषण की भूमिका भी निभा रहा है। उन्होंने बताया कि संभागवार मीडिया सेंटर प्रणाली के तहत प्रवक्ताओं की तैनाती की जा रही है, जिससे प्रदेश स्तर के मुद्दों पर समयबद्ध संवाद सुनिश्चित हो सके। साथ ही प्रत्येक जिले में प्रभारी नियुक्त किए जा रहे हैं।
बैठक में दिए गए दिशा-निर्देश
बैठक में इस बात पर सहमति बनी कि मीडिया विभाग संगठन और सरकार के बीच सेतु की भूमिका निभाते हुए योजनाओं, नीतियों और उपलब्धियों को प्रभावी, तथ्यात्मक और सकारात्मक तरीके से जनता तक पहुंचाएगा। बैठक में प्रदेश सह मीडिया प्रभारी एवं सभी प्रदेश प्रवक्तागण उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे