Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जम्मू, 06 मई (हि.स.)। जम्मू पूर्व के विधायक और वरिष्ठ भाजपा नेता युधवीर सेठी ने बुधवार को अम्फल्ला और बजालता मंडल के कार्यकर्ताओं की अलग-अलग संगठनात्मक बैठकों की अध्यक्षता की। बैठकों में क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा के साथ-साथ जनसंपर्क को मजबूत करने और भविष्य की योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठकों में कुलदीप कंधारी, अजय शर्मा, अम्फल्ला मंडल अध्यक्ष स्वाति शर्मा, बजालता मंडल के शिव कुमार शर्मा सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी, बूथ स्तर के कार्यकर्ता और स्थानीय प्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और विकास संबंधी आवश्यकताओं को साझा किया।
चर्चा के दौरान सड़क, स्वच्छता, जलापूर्ति, बिजली और बुनियादी ढांचे के विकास जैसे मुद्दों पर विशेष ध्यान दिया गया। युधवीर सेठी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता जनता और प्रशासन के बीच एक मजबूत कड़ी के रूप में कार्य कर रहे हैं और योजनाओं का लाभ हर घर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा जम्मू पूर्व में कई जनहितकारी योजनाएं शुरू की गई हैं और आने वाले समय में विकास कार्यों की गति को और तेज किया जाएगा।
सेठी ने कार्यकर्ताओं से जमीनी स्तर पर लोगों से जुड़े रहने और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी की ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं, जिनकी मेहनत से संगठन लगातार मजबूत हो रहा है। इस दौरान उन्होंने असम, बंगाल और पुडुचेरी में पार्टी की जीत पर कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए इसे जनता के विश्वास का प्रतीक बताया। बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं ने विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा