बरेली में ‘जिम जिहाद’ का आरोप, हिंदू महासभा ने डीएम को सौंपा ज्ञापन
हिंदू महासभा ने बरेली में जिमों को लेकर लगाए गंभीर आरोप, डीएम से महिला सुरक्षा हेतु सख्त कार्रवाई की मांग
जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन करते हिंदू महासभा के कार्यकर्ता, जिमों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन


बरेली, 6 मई (हि.स.) । जनपद में संचालित कुछ जिमों को लेकर अखिल भारत हिंदू महासभा ने गंभीर आरोप लगाए हैं। संगठन ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर दावा किया कि कुछ जिमों में महिलाओं को निशाना बनाकर आपराधिक घटनाएं की जा रही हैं, जिन्हें उन्होंने “जिम जिहाद” का नाम दिया है। संगठन ने महिला सुरक्षा को लेकर तत्काल कड़े कदम उठाने की मांग की है।

ज्ञापन में कहा गया है कि हाल ही में एक जिम संचालक पर वर्कआउट ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर दुष्कर्म करने का आरोप सामने आया है। इसके अलावा मिनी बायपास क्षेत्र के एक जिम में दिल्ली से आई महिला के परिजनों के साथ मारपीट की घटना का भी जिक्र किया गया है। महासभा का आरोप है कि कुछ जिम संचालक और ट्रेनर सुनियोजित तरीके से महिलाओं को निशाना बना रहे हैं और उन्हें बहला-फुसलाकर गलत गतिविधियों में धकेलने की कोशिश की जा रही है।

संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि कई महिलाएं सामाजिक दबाव और लोक-लाज के कारण सामने नहीं आ पा रही हैं, जिससे ऐसे मामलों का खुलासा नहीं हो पाता। एक पीड़िता द्वारा हिम्मत दिखाने के बाद ही मामला उजागर हुआ, जबकि कई अन्य घटनाएं अभी भी दबे होने की आशंका जताई गई है।

अखिल भारत हिंदू महासभा के मंडल अध्यक्ष पंकज पाठक ने प्रशासन से चार प्रमुख मांगें रखी हैं। इनमें सभी जिम संचालकों और ट्रेनरों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन, महिला सदस्यों के लिए महिला ट्रेनर की नियुक्ति, बिना महिला ट्रेनर वाले जिमों में महिलाओं के प्रवेश पर रोक और जिमों की नियमित जांच के लिए महिला पुलिस अधिकारियों की विशेष टीम गठित करने की मांग शामिल है।

संगठन ने कहा कि वह लंबे समय से इस मुद्दे को उठाता रहा है और अब हाल की घटनाओं के बाद प्रशासन को सख्त कदम उठाने चाहिए। उधर, प्रशासनिक अधिकारियों ने ज्ञापन प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार