Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

इटानगर, 06 अप्रैल (हि.स.)। अरुणाचल सिविल सोसाइटी के बैनर से राजधानी के आईजी पार्क स्थित टेनिस कोर्ट में आयोजित तीन दिवसीय शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन आज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। यह धरना प्रदर्शन मुख्यमंत्री पेमा खांडू के अस्थायी इस्तीफे की मांग को लेकर था, ताकि सीबीआई भारत के सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुसार खांडू के खिलाफ निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच कर सके।
अरुणाचल सिविल सोसाइटी (एसीएस) के प्रमुख नेता ब्याबांग जोरम ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा, हम राजनीतिक रूप से प्रेरित नहीं हैं क्योंकि हमारा किसी भी राजनीतिक दल से कोई संबंध नहीं है। सिविल सोसाइटी ने मुख्यमंत्री खांडू के अस्थायी इस्तीफे की मांग कर रही है, ताकि उनके ऊपर लगे आरोपों की निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच हो सके, क्योंकि उसके मुख्यमंत्री के पद पर रहते यह संभव नहीं है।
धरने में विभिन्न समूहों के प्रतिभागियों ने स्वेच्छा से भाग लिया और निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। धरना-प्रदर्शन पूरे समय शांतिपूर्ण रहा, आयोजकों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे आगे लोकतांत्रिक आंदोलन करेंगे।
इस बीच, मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने मंगलवार को भ्रष्टाचार के आरोपों में किसी भी तरह की संलिप्तता से इनकार किया और सीबीआई द्वारा द्वारा जारी प्रारंभिक जांच का स्वागत किया।
खांडू ने कहा, “इस मामले में मेरी कोई संलिप्तता नहीं है। मुझे इतना भरोसा है कि मैंने सुप्रीम कोर्ट में अपना प्रतिनिधित्व करने के लिए अपने निजी वकील को भी नियुक्त नहीं किया है।” उन्होंने कहा कि “चिंता करने का कोई कारण नहीं है।”
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी