Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

आसनसोल, 06 मई (हि. स.)। पश्चिम बर्दवान जिले के आसनसोल साउथ थाना अंतर्गत पुलिस लाइन में बने तृणमूल कांग्रेस कार्यालय में मंगलवार देर रात आग लगने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की खबर पाकर मौके पर स्थानीय लोग, पार्टी कार्यकर्ता और दमकल विभाग की टीम पहुंची और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की गई।
घटना के बाद राजनीतिक माहौल भी गर्म हो गया है। भाजपा विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व भाजपा का झंडा लगाकर पार्टी को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। उनके अनुसार, यह हरकत तृणमूल के ही किसी गुट द्वारा की गई हो सकती है ताकि भाजपा की छवि खराब की जा सके। उन्होंने इस घटना को साजिश करार दिया।
उन्होंने बताया कि उन्हें मौसमी बसु ने फोन कर घटना की जानकारी दी थी। उस समय वे शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों को लेकर एक बैठक में मौजूद थे। सूचना मिलते ही भाजपा कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और दमकल विभाग को खबर दी गई। विधायक ने कहा कि इस तरह की घटनाएं बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं और इसकी निष्पक्ष जांच होना जरूरी है।
उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस कमिश्नर डॉ. प्रणव कुमार से भी जांच की मांग की। उन्होंने दोहराया कि किसी भी प्रकार की पोस्ट-पोल हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी और यह पता लगाया जाना चाहिए कि यह आगजनी की घटना है या कोई दुर्घटना।
वहीं, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष दिलीप दे ने भी इस घटना को साजिश बताया। उनका कहना है कि भाजपा एक अनुशासित पार्टी है और इस तरह की गतिविधियों में शामिल नहीं हो सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा को बदनाम करने के लिए जानबूझकर इस तरह की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है।
स्थानीय निवासी हरे कृष्ण बनर्जी ने बताया कि वे दुकान बंद कर घर गए थे, तभी उन्हें फोन आया कि पार्टी कार्यालय के साथ उनकी दुकान में भी आग लग गई है। उन्होंने कहा कि आग कैसे लगी, इसके बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा