Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 06 मई (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) के प्रवक्ता और बुराड़ी विधानसभा से विधायक संजीव झा ने दिल्ली में हुई फायरिंग की एक घटना को लेकर गहरी चिंता जताई और बिहारी युवक की हत्या पर इंसाफ की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को पत्र लिखा।
आआपा प्रवक्ता संजीव झा ने बुधवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को पत्र लिखकर के इस घटना को “अमानवीय और निंदनीय” बताते हुए कहा कि यह केवल एक हत्या नहीं, बल्कि संवैधानिक मूल्यों और मानवाधिकारों पर सीधा हमला है। उन्होंने कहा कि किसी नागरिक के साथ उसकी क्षेत्रीय पहचान के आधार पर हिंसा करना लोकतंत्र के मूल सिद्धांतों के खिलाफ है।
विधायक ने इस मुद्दे को पूर्वांचल समाज की सुरक्षा और सम्मान से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए कहा कि दिल्ली में बड़ी संख्या में बिहार और पूर्वांचल के लोग रहते हैं, जो राजधानी के विकास में अहम योगदान देते हैं। ऐसे में इस प्रकार की घटना से समुदाय में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा हुआ है।
उन्होंने भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। झा ने दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ कड़ी, निष्पक्ष और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की है, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी