जनपद में खुलेंगे 15 एग्रीजंक्शन केंद्र, कृषि स्नातकों को मिलेगा स्वरोजगार का मौका
जनपद में 15 एग्रीजंक्शन केंद्र खुलेंगे, कृषि स्नातकों को स्वरोजगार का मौका
उप कृषि निदेशक बरेली, हिमांशु पाण्डेय


बरेली, 6 मई (हि.स.) । जिले के कृषि स्नातक युवाओं के लिए स्वरोजगार की दिशा में बड़ा अवसर तैयार हुआ है। कृषि विभाग की ओर से वर्ष 2026-27 के लिए प्रशिक्षित कृषि उद्यमी स्वावलंबन (एग्रीजंक्शन) योजना के तहत जनपद में 15 एग्रीजंक्शन केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों को “वन स्टॉप शॉप” के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां किसानों को बीज, खाद, कीटनाशक, तकनीकी सलाह और अन्य कृषि सेवाएं एक ही स्थान पर मिल सकेंगी।

कृषि निदेशालय उत्तर प्रदेश, लखनऊ से जारी कार्ययोजना के अनुसार, इन केंद्रों के संचालन की जिम्मेदारी कृषि एवं सहबद्ध विषयों में डिग्रीधारी युवाओं को दी जाएगी। इसमें कृषि व्यवसाय प्रबंधन, उद्यान, पशुपालन, वानिकी, दुग्ध, पशु चिकित्सा और मुर्गी पालन जैसे विषयों में स्नातक अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे। अभ्यर्थी की डिग्री आईसीएआर या यूजीसी से मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से होना अनिवार्य है।

आवेदन के लिए अभ्यर्थियों को जन्म प्रमाण पत्र (हाईस्कूल मार्कशीट), आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक, पैन कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, शपथ पत्र, हाईस्कूल, इंटरमीडिएट एवं स्नातक की अंकतालिकाएं प्रस्तुत करनी होंगी। आवेदक की अधिकतम आयु 40 वर्ष निर्धारित की गई है, जबकि अनुसूचित जाति, जनजाति और महिला अभ्यर्थियों को अधिकतम पांच वर्ष की छूट प्रदान की जाएगी।

चयन प्रक्रिया जनपद स्तर पर जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा की जाएगी। समिति द्वारा प्राप्त आवेदनों की छंटनी के बाद पात्र अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। खास बात यह है कि आवेदक केवल उसी विकास खंड के लिए आवेदन कर सकेगा, जहां का वह स्थायी निवासी है।

इच्छुक अभ्यर्थी कृषि विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://agridarshan.up.gov.in/Agrijunction के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आवेदन केवल ऑनलाइन ही स्वीकार किए जाएंगे। आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 30 मई 2026 निर्धारित की गई है।

उप कृषि निदेशक बरेली, हिमांशु पाण्डेय ने पात्र युवाओं से अपील की है कि वे समय रहते आवेदन कर इस योजना का लाभ उठाएं और स्वरोजगार की दिशा में कदम बढ़ाएं।

हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार