Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

ऊना, 05 मई (हि.स.)। उपमंडल अंब के तहत एक गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब शादी की खुशियां अचानक मातम जैसे माहौल में बदल गईं। घर में शादी की तैयारियां जोरों पर चल रही थीं और ‘बटने’ (हल्दी) की रस्म अदा की जा रही थी, लेकिन इसी दौरान दूल्हे की होने वाली दुल्हन अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लड़के वालों के घर में रिश्तेदारों और गांव के लोगों की मौजूदगी में पारंपरिक रस्में निभाई जा रही थीं। माहौल पूरी तरह खुशियों से भरा हुआ था और शादी को लेकर सभी बेहद उत्साहित थे। इसी बीच अचानक दुल्हन के फरार होने की खबर सामने आई, जिससे पूरे परिवार में अफरा-तफरी मच गई और समारोह बीच में ही रोकना पड़ा।
बताया जा रहा है कि युवती का पहले से ही एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। शादी तय होने के बावजूद दोनों संपर्क में थे और मौका मिलते ही युवती अपने प्रेमी के साथ चली गई। घटना के बाद दूल्हे पक्ष के लोग स्तब्ध रह गए और परिवार को भारी सामाजिक व मानसिक आघात पहुंचा है।
इस घटना के बाद दोनों परिवारों के बीच तनाव का माहौल बना हुआ है। गांव में भी इस मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। वहीं, लड़की के परिजनों का कहना है कि उन्हें इस तरह की किसी भी स्थिति की पहले से कोई जानकारी नहीं थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, लड़की के परिवार की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है।
डीएसपी अनिल पटियाल ने बताया कि शिकायत के आधार पर संदेह के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। सभी पुलिस थानों को सूचित कर दिया गया है और जल्द ही दोनों को ढूंढ लिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल