Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

औरैया, 05 मई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन दहन” के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न मामलों में बरामद नशीले पदार्थों का विधिवत निस्तारण कराया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती औरैया की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी की मौजूदगी में कुल 16 अभियोगों से संबंधित मादक पदार्थों को नष्ट किया गया।
पुलिस के अनुसार, निस्तारित किए गए मादक पदार्थों का कुल वजन 64.483 किलोग्राम रहा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 70 लाख 19 हजार 650 रुपये आंकी गई है। इन मामलों में थाना कोतवाली औरैया के 8, अजीतमल के 1, बिधूना के 4 और दिबियापुर के 3 अभियोग शामिल हैं।
नष्ट किए गए मादक पदार्थों में अवैध गांजा, चरस, स्मैक और अन्य नशीला पाउडर शामिल था। यह सभी सामग्री विभिन्न समय पर एनडीपीएस एक्ट के तहत की गई कार्रवाई में बरामद की गई थी, जिन्हें सुरक्षित रूप से संरक्षित रखा गया था।
निर्धारित मानकों के अनुसार इन मादक पदार्थों का विनष्टीकरण जनपद कानपुर देहात के अकबरपुर स्थित “री सस्टेनेबिलिटी लिमिटेड” के इन्सिनेटर प्लांट में कराया गया। इस दौरान पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई और सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताओं का पालन सुनिश्चित किया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने बताया कि ऑपरेशन दहन का उद्देश्य न केवल मादक पदार्थों का सुरक्षित निस्तारण करना है, बल्कि समाज में नशे के खिलाफ सख्त संदेश देना भी है। उन्होंने कहा कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार