Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नर्मदापुरम, 05 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले में नर्मदापुरम-पिपरिया स्टेट हाईवे पर मंगलवार सुबह एक तेज रफ्तार डंपर ने गेहूं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। हादसा ग्राम निमसाड़िया के पास हुआ, जहां टक्कर के बाद ट्रॉली पलट गई और उसमें भरा पूरा गेहूं सड़क पर बिखर गया। दुर्घटना में ट्रैक्टर चालक और हेल्पर घायल हो गए, जबकि डंपर चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली नर्मदापुरम अनाज मंडी की ओर जा रही थी। ट्रैक्टर को दुर्गेश पाल चला रहा था और उसके साथ हेल्पर पवन मौजूद था। इसी दौरान रेत से भरे डंपर क्रमांक एमपी 38 जेडजी 4688 ने ओवरटेक करते समय ट्रॉली को साइड से टक्कर मार दी, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रॉली पलट गई और ट्रैक्टर का अगला हिस्सा टूटकर डंपर के नीचे दब गया। हादसे के बाद डंपर बेकाबू होकर सड़क किनारे बागुड़ में जा घुसा। घायल चालक और हेल्पर को राहगीरों की मदद से बाहर निकाला गया।
घटना की सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों ने सड़क पर फैले गेहूं को समेटकर हटाया, जिससे यातायात सामान्य हो सका। पुलिस ने फरार डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे