Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

धनबाद, 05 मई (हि.स.)। धनबाद जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र में हुई छिनतई की बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। जामताड़ा निवासी एक युवक से बाइक, लैपटॉप, मोबाइल और नगदी छीनने के साथ ही उससे दो लाख रुपये की फिरौती मांगने का मामला सामने आया था।
मंगलवार को नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी एसपी) ऋत्विक श्रीवास्तव ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि घटना साहेबगंज रोड स्थित अपना अस्पताल के पास की है। जामताड़ा के नारायणपुर निवासी इरफान अंसारी को तीन बाइक पर सवार 6-7 अपराधियों ने निशाना बनाया। अपराधियों ने पहले बाइक की किस्त फेल होने का बहाना बनाकर उसे रोका और फिर उसकी बाइक, लैपटॉप, मोबाइल फोन और 22 हजार रुपये नकद छीन लिए।
वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधियों ने पीड़ित से छीने गए सामान को लौटाने के बदले दो लाख रुपये की फिरौती मांगी और 4 मई को रकम देने का दबाव बनाया। पीड़ित द्वारा सूचना दिए जाने पर गोविंदपुर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जाल बिछाया और चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान रेहान अंसारी, फरदीन अंसारी, राजू अंसारी और जावेद अंसारी के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से एक हुंडई आई-20 कार, तीन बाइक, छीना गया लैपटॉप, सात मोबाइल फोन और 25 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस ने सभी आरोपितों को अदालत के आदेश पर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, इस मामले में शामिल अन्य फरार अपराधियों की तलाश जारी है और पूरे गिरोह के नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है।-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार झा