Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

किशनगंज, 04 मई (हि.स.)। किशनगंज के सांसद डॉ मोहम्मद जावेद आज़ाद ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर ठाकुरगंज प्रखंड के भोगडावर पंचायत निवासी मौलाना मो तौसीफ रजा की ट्रेन में हुई संदिग्ध मौत के मामले में उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
सांसद ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि 26 अप्रैल 2026 को मौलाना मो. तौसीफ रजा ट्रेन संख्या 04314 (ऋषिकेश एक्सप्रेस) के जनरल कोच में सवार होकर बरेली से सिवान जा रहे थे। आरोप है कि ट्रेन खुलने के बाद कुछ असामाजिक तत्वों ने उनके सामान लूटने का प्रयास किया और उनके साथ बेरहमी से मारपीट की।
घटना की जानकारी उन्होंने अपनी पत्नी को फोन पर दी, जिसके बाद उनका मोबाइल बंद हो गया। बाद में उनकी लाश बरेली कैंट स्टेशन के पास से बरामद हुई। सांसद ने कहा कि स्थानीय सुरक्षा बल इस घटना को दुर्घटना बता रहा है, जबकि परिजनों और सोशल मीडिया पर इसे हत्या बताया जा रहा है। ऐसे में मामले की गंभीरता को देखते हुए किसी सक्षम एवं निष्पक्ष अधिकारी से जांच कराए जाने की आवश्यकता है।
उन्होंने दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये का मुआवजा एवं मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी देने की भी मांग की है। सांसद ने कहा कि पीड़ित परिवार अत्यंत गरीब है, इसलिए उन्हें न्याय दिलाना और उचित सहायता प्रदान करना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह