Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सिलीगुड़ी, 04 मई (हि. स.)। मतगणना पूरी होने से पहले शहर में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। सिलीगुड़ी नगर निगम के बाद अब महकमा परिषद परिसर में भी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भारी भीड़ देखी गई, जहां उन्होंने पार्टी का झंडा लगाकर शक्ति प्रदर्शन किया। भगवा अबीर, नारेबाजी और जश्न के बीच माहौल पूरी तरह उत्सव जैसा नजर आया।
भाजपा कार्यकर्ताओं का आत्मविश्वास इतना मजबूत दिखा कि परिणाम आने से पहले ही उन्होंने जीत का दावा करना शुरू कर दिया।
इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने तृणमूल कांग्रेस पर तंज कसते हुए ‘माछ-भात’ खिलाने और राजनीतिक कटाक्ष भी किए। वहीं, शहर के सरकारी भवनों के रंग बदलने और विभिन्न प्रशासनिक संस्थानों पर कब्जा करने जैसी बातें भी कही गईं।
नगर निगम के बाद महकमा परिषद में भी इसी तरह का नजारा देखने को मिला, जिससे सिलीगुड़ी में राजनीतिक तापमान और बढ़ गया है।
कार्यकर्ताओं का दावा है कि आने वाले समय में भाजपा एक-एक कर सभी संस्थानों पर नियंत्रण स्थापित करेगी। यहां तक कि ‘उत्तरकन्या’ और ‘नवान्न’ को लेकर भी नारेबाजी की गई, जिससे पूरे घटनाक्रम ने नई राजनीतिक बहस को जन्म दे दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार