Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कैथल, 04 मई (हि.स.)। नशा तस्करी पर कार्रवाई करते हुए जिला पुलिस ने तीन आरोपियों को काबू किया है। आरोपी थार गाड़ी में नशीला पदार्थ ले जा रहे थे, जिनके कब्जे से सात किलो 50 ग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ है। पुलिस प्रवक्ता ने सोमवार को बताया कि एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार की अगुवाई में एएसआई रोहताश सिंह की टीम राजौंद क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि काले रंग की थार गाड़ी में सवार तीन युवक भारी मात्रा में नशीला पदार्थ लेकर असंध की तरफ से राजौंद की ओर आ रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बंद पड़े पंजाबी ढाबे के पास नाकाबंदी की। कुछ समय बाद संदिग्ध थार गाड़ी मौके पर पहुंची, जिसे पुलिस टीम ने रुकवाया। गाड़ी में सवार तीनों युवक पुलिस को देखकर भागने लगे, लेकिन टीम की सतर्कता के चलते उन्हें मौके पर ही काबू कर लिया गया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान गांव दाबनखेड़ी निवासी जसकरण, सुखचैन तथा सुलतानीया डेरा निवासी अजय कुमार के रूप में हुई है। मौके पर पहुंचे एईटीओ रोहित कुमार की मौजूदगी में तलाशी लेने पर गाड़ी में रखे प्लास्टिक के कट्टे से सात किलो 50 ग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ।
तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना राजौंद में मामला दर्ज कर लिया गया है। एएसआई राजेश द्वारा आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि नशा तस्करी के नेटवर्क के अन्य लोगों का भी पता लगाया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे