मुरादाबाद रेल मंडल में चलने वाली वंदेभारत एक्सप्रेस में होंगे बीस कोच
कोच बढ़ने से ज्यादा यात्रियों को सीट मिल सकेगी और वेटिंग की समस्या भी कम होगी : सीनियर डीसीएम मुरादाबाद, 04 मई (हि.स.)। मुरादाबाद रेल मंडल में संचालित वंदेभारत एक्सप्रेस ट्रेनों की क्षमता जल्द बढ़ाई जाएगी। अब तक 12 और 16 कोच के साथ चल रही इन ट्रेनो
प्रतीकात्मक फोटो।


कोच बढ़ने से ज्यादा यात्रियों को सीट मिल सकेगी और वेटिंग की समस्या भी कम होगी : सीनियर डीसीएम

मुरादाबाद, 04 मई (हि.स.)। मुरादाबाद रेल मंडल में संचालित वंदेभारत एक्सप्रेस ट्रेनों की क्षमता जल्द बढ़ाई जाएगी। अब तक 12 और 16 कोच के साथ चल रही इन ट्रेनों को 20 कोच का किया जाएगा। उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक के अनुसार, इससे ज्यादा यात्रियों को सीट मिल सकेगी और वेटिंग की समस्या भी कम होगी।

उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि मुरादाबाद रेल मंडल में इस समय लखनऊ-सहारनपुर, देहरादून-लखनऊ और मेरठ-वाराणसी रूट पर वंदेभारत एक्सप्रेस का संचालन हो रहा है। इनमें देहरादून-लखनऊ वंदेभारत में 16 कोच हैं, जबकि अन्य ट्रेनों में 12 कोच लगे हुए हैं। रेलवे अब इन सभी ट्रेनों में कोच संख्या बढ़ाने की योजना पर काम कर रहा है।

पिछले कुछ महीनों तक वंदेभारत एक्सप्रेस को अपेक्षित बुकिंग नहीं मिल रही थी, लेकिन मार्च और अप्रैल में यात्रियों की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है। इससे रेलवे को अच्छा राजस्व मिला और यह साफ हो गया कि यात्रियों में इस सेमी-हाईस्पीड ट्रेन की मांग बढ़ रही है। बढ़ती मांग को देखते हुए कोच बढ़ाने का निर्णय लिया जा रहा है।

उन्हाेंने बताया कि हाल ही में जम्मूतवी से श्रीनगर के बीच 20 कोच वाली पहली वंदेभारत एक्सप्रेस शुरू की गई है। इसी मॉडल को अब अन्य मंडलों में भी लागू करने की तैयारी है। मुरादाबाद मंडल भी इस विस्तार योजना में शामिल है।

सीनियर डीसीएम महेश यादव ने बताया कि भविष्य में वंदेभारत ट्रेनों में कोच बढ़ाना तय है। इससे न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी, बल्कि रेलवे की आय में भी इजाफा होगा।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल