Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बाराबंकी, 04 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री और जनपद बाराबंकी के प्रभारी मंत्री सुरेश राही सोमवार को बाराबंकी प्रवास पर पहुंचे। इस माैके पर उन्हें पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
प्रभारी मंत्री ने सबसे पहले जिला महिला चिकित्सालय की ओपीडी, मॉडल इम्यूनाइजेशन सेंटर, अल्ट्रासाउंड कक्ष व वार्ड देखे और मरीजों से सुविधाओं की जानकारी ली। भर्ती मरीज पूनम व संध्या से भोजन की गुणवत्ता पूछी। रसोईघर जाकर खाना चेक किया। साफ-सफाई में लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
इसके बाद जिला पुरुष चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। दवा काउंटर पर मरीजों से फीडबैक लिया। आयुष्मान मित्र कक्ष देखा। ओपीडी के शौचालय में गंदगी मिलने पर नाराजगी जताई। सीएमएस को स्वच्छता सुदृढ़ करने के सख्त निर्देश दिए। वार्डों की व्यवस्थाएं बेहतर करने को कहा। फिर नगर पालिका नवाबगंज में कल्याण मंडप के पास निर्माणाधीन पानी की टंकी का अवलोकन किया। जल निगम के अधिशासी अभियंता को कार्य तेज व गुणवत्तापूर्ण पूरा करने को कहा। अंत में जिला कारागार का निरीक्षण कर सुरक्षा, बंदियों की सुविधाओं व स्वच्छता का जायजा लिया। व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। इस दौरान एमएलसी अंगद सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष राम सिंह वर्मा व अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी