मुठभेड़ में एक असलहा तस्कर गिरफ्तार, एक बाल अपचारी पकड़ा गया
मीरजापुर, 04 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में सोमवार को कछवां थाना पुलिस ने अवैध असलहा तस्करी का भांडाफोड़ करते हुए मुठभेड़ के दौरान एक बाल अपचारी समेत एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से तीन पिस्टल, मैग्जीन व कारतूस बरामद किए,
गिरफ्तार आरोपित के साथ सहायक पुलिस अधीक्षक (प्रशिक्षणाधीन) कनिष्क आर. जामकर।


मीरजापुर, 04 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में सोमवार को कछवां थाना पुलिस ने अवैध असलहा तस्करी का भांडाफोड़ करते हुए मुठभेड़ के दौरान एक बाल अपचारी समेत एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से तीन पिस्टल, मैग्जीन व कारतूस बरामद किए, जबकि दो अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) नितेश सिंह ने बताया कि सोमवार को कछवां पुलिस को सूचना मिली कि दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार लोग अवैध असलहा लेकर भटौली मार्ग से भदोही की ओर जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने भटौली श्मशान घाट के पास घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल सवारों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन खुद को घिरता देख तस्करों ने पुलिस पर फायरिंग शुरु कर दी और भागने लगे। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने एक बाइक पर सवार दो तस्करों को पकड़ लिया। इनकी पहचान प्रयागराज के कोरांव थाना क्षेत्र के मड़फा गांव निवासी हरिओम पांडेय के रूप में हुई है। एक बाल अपचारी भी पकड़ा गया। इनके पास से 32 बोर की तीन पिस्टल, दो अतिरिक्त मैग्जीन, एक जिंदा व एक खोखा कारतूस बरामद किया गया। मौके से एक अन्य मोटरसाइकिल भी सीज की गई।

पूछताछ में तस्करों ने बताया कि वे मध्य प्रदेश से सस्ते दाम पर अवैध असलहा लाकर आसपास के जिलों में महंगे दाम पर बेचते थे। उससे मिलने वाले मुनाफे को आपस में बांट लेते थे। पुलिस फरार अन्य तस्करों की तलाश में दबिश दे रही है।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा