Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

दरभंगा, 04 मई (हि.स.)। जिले में पंचायत चुनाव की तैयारियों के बीच तारडीह प्रखंड में प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। बिहार राज्य निर्वाचन आयोग, पटना के निर्देश के आलोक में प्रखंड क्षेत्र में प्रपत्र-1 के प्रारूप का प्रकाशन निर्धारित प्रक्रिया के तहत पूर्ण कर लिया गया है।
प्रखंड विकास पदाधिकारी सह निर्वाचन पदाधिकारी (पंचायत) प्रीति कुमारी द्वारा जारी पत्र के अनुसार, प्रखंड अंतर्गत विभिन्न पंचायत भवनों एवं प्रखंड कार्यालय परिसर में प्रपत्र-1 का प्रारूप विधिवत प्रकाशित किया गया है, ताकि आमजन एवं संभावित अभ्यर्थी इसकी जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकें।
इस संबंध में जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी (पंचायत) तथा जिला पंचायत राज पदाधिकारी, दरभंगा को भी औपचारिक रूप से सूचित कर दिया गया है। प्रशासनिक स्तर पर इसे चुनाव प्रक्रिया की एक महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।
पंचायत चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से की जा रही हैं। स्थानीय स्तर पर प्रपत्र-1 के प्रकाशन को आगामी चुनावी चरणों की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है, जिससे पूरी प्रक्रिया को गति मिलने की उम्मीद है।
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra