Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मंडी, 04 मई (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर का कहना है कि मंडी नगर निगम भाजपा की थी और भाजपा की ही रहेगी। सोमवार को मंडी में पत्रकारों से बात करते हुए जयराम ठाकुर ने नगर निगम मंडी में फिर से भाजपा की जीत का दावा किया। इसके साथ बाकी जगहों पर भी भाजपा की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि मौजूदा प्रदेश सरकार ने हमेशा से ही मंडी जिला के साथ भेदभाव किया और उसका करारा जवाब अब यहां की जनता देने वाली है।
जय राम ने कहा कि यदि प्रदेश सरकार का वश चले तो वे मंडी जिला को ही हिमाचल के मानचित्र से मिटा दें। पूर्व में जब भाजपा की सरकार थी तो उस दौरान मंडी नगर के विकास के लिए 15 करोड़ की धनराशि जारी की गई थी, जिसे सत्ता परिवर्तन होते ही प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने वापिस ले लिया था। मंडी की जनता ने प्रदेश सरकार के शासनकाल में बहुत से अपमान सहे हैं जिनका अब जवाब देने का समय आ गया है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार के साढ़े तीन वर्षों के कार्यकाल से पूरे प्रदेश की जनता बूरी तरह से त्रस्त है। अब तो कांग्रेस के नेता भी खुले मंच से अपनी सरकार की खामियां गिनाने लग गए हैं। पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर का हालिया बयान इसका जीता जागता उदाहरण है। प्रदेश सरकार के सीएम और मंत्रियों को अभी भी समय रहते संभल जाना चाहिए। प्रदेश में नगर निकाय और पंचायतों के जो चुनाव हो रहे हैं उसके परिणाम आते ही प्रदेश भर में कांग्रेस की सरकार को उखाड़ फैंकने का अभियान शुरू होने जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मंडी नगर निगम भाजपा का अभेद्य किला रही है और भविष्य में भी यहां भाजपा का ही परचम लहराएगा, क्योंकि यहां की जनता वर्तमान सरकार के सौतेले व्यवहार और अपमान का बदला लेने के लिए पूरी तरह तैयार बैठी है।
पत्रकार वार्ता में पूर्व मंत्री एवं विधायक अनिल शर्मा, विधायक बल्ह इंद्र सिंह गांधी, विधायक पूर्ण चंद ठाकुर, प्रदेश महामंत्री पायल वैद्य, प्रदेश प्रवक्ता अजय राणा, जिलाध्यक्ष निहाल चंद शर्मा, निवर्तमान मेयर वीरेंद्र भट्ट, मंडी के सह प्रभारी भीमसेन शर्मा, जिला मीडिया प्रभारी राकेश वालिया सहित सभी 15 वार्डों के प्रत्याशियों की मौजूदगी रही। इससे पूर्व उन्होंने पड्डल वार्ड और पार्टी जिला मीडिया सेंटर का भी विधिवत शुभारंभ किया। बाद में पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सभी के साथ अलग से बैठक कर एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस के खिलाफ रणनीति तैयार की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा