Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पूर्वी सिंहभूम, 04 मई (हि.स.)। जिले के पटमदा प्रखंड में टाटा–पटमदा मुख्य मार्ग पर हुए एक सड़क हादसे के बाद सोमवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। जलडहर पेट्रोल पंप के समीप रविवार रात को हुई दुर्घटना में एक युवक की मौत से आक्रोशित लोगों ने सोमवार को शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया और करीब एक घंटे तक मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया।
इस दौरान दोपहर सडक पर आवागमन ठप रहा, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लंबी दूरी की बसों को भी रास्ता बदलकर जाना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही पटमदा थाना प्रभारी विष्णु चरण भोगता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण मुआवजे की मांग को लेकर अड़े रहे। स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। इसके बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक लोगों ने हस्तक्षेप किया। लावा पंचायत के ग्राम प्रधान बृंदावन दास, झामुमो नेता सुभाष कर्मकार सहित अन्य लोगों ने ग्रामीणों को समझाया और पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
जनप्रतिनिधियों ने आश्वासन दिया कि आपदा प्रबंधन विभाग के तहत हिट एंड रन मामलों में मिलने वाला निर्धारित मुआवजा जल्द दिलाया जाएगा। इसके अलावा वाहन मालिक की ओर से अंतिम संस्कार के लिए तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की बात भी कही गई। भरोसा मिलने के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया। इसके बाद यातायात व्यवस्था धीरे-धीरे सामान्य हुआ।
मृतक की पहचान जलडहर निवासी अजीत सहिस के रूप में हुई है, जो पेट्रोल पंप में नाइट गार्ड के रूप में कार्यरत थे। वे अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। मृतक की पत्नी अल्पना सहिस ने बताया कि उनके सामने अब दो छोटे बच्चों के पालन-पोषण की बड़ी जिम्मेदारी है और परिवार गहरे आर्थिक संकट में घिर गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक