तेज रफ्तार कार की टक्कर से बच्चे की मौत, चालक फरार
खूंटी, 04 मई (हि.स.)। जिले के रनिया थाना क्षेत्र अंतर्गत भालूटोली गांव में सोमवार को हुए सड़क हादसे में एक बच्चे की मौत हो गई। मृतक की पहचान भालू टोली निवासी आयुष तोपनो (08) के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार की दोपहर में आयुष अपने
दुर्घटना


खूंटी, 04 मई (हि.स.)। जिले के रनिया थाना क्षेत्र अंतर्गत भालूटोली गांव में सोमवार को हुए सड़क हादसे में एक बच्चे की मौत हो गई। मृतक की पहचान भालू टोली निवासी आयुष तोपनो (08) के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार की दोपहर में आयुष अपने घर के पास सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान कामडारा से तोरपा की ओर जा रही एक तेज रफ्तार डिजायर कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि आयुष की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद बालक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई थीं। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और इसकी जानकारी रनिया थाना पुलिस को दी गई।

सूचना पर रनिया थाना प्रभारी श्यामल कुंभकार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और मृतक के परिजनों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल खूंटी भेज दिया है।

बताया जा रहा है कि मृतक आयुष के पिता प्रफुल्ल तोपनो हिमाचल प्रदेश में मजदूरी करते हैं। आयुष संत पॉल इंग्लिश मीडियम स्कूल, रायकेरा में पढ़ाई करता था।

पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फरार वाहन चालक की तलाश की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा