Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सुपौल, 04 मई (हि.स.)। जिले के छातापुर थाना क्षेत्र के उधमपुर पंचायत वार्ड संख्या 06 में रविवार को मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक ही पक्ष के आधा दर्जन लोग मारपीट में जख्मी हो गए। घायलों में दो वृद्ध की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जख्मियों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) छातापुर लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद 65 वर्षीय डोमी मंडल और 55 वर्षीय गंगाराम मंडल को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल सुपौल रेफर कर दिया गया। वहीं सकलदेब मंडल, कृष्णदेव मंडल सहित अन्य घायलों का इलाज सीएचसी में ही किया गया।
घटना को लेकर घायल सकलदेब मंडल और डोमी मंडल ने थाना में अलग-अलग आवेदन देकर रंजीत मंडल, जयकृष्ण मंडल समेत अन्य पर मारपीट का आरोप लगाया है और कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन के अनुसार, गांव स्थित शीतला मंदिर जाने वाले कच्चे रास्ते को रंजीत मंडल द्वारा काटा जा रहा था। इस पर सकलदेब मंडल ने फसल बर्बाद होने की आशंका जताते हुए मना किया। उस समय तो मामला शांत हो गया, लेकिन शाम में आरोप है कि आरोपितों ने रास्ते में घेरकर हरवे-हथियार से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों के साथ भी मारपीट की गई।
घटना में बुजुर्गों के घायल होने से गांव में आक्रोश है। ग्रामीणों ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
डिस्क्लेमर: यह खबर स्थानीय व उपलब्ध स्रोतों से प्राप्त जानकारी के आधार पर तैयार की गई है। तथ्यों की पुष्टि की गई है, फिर भी किसी भी त्रुटि के लिए प्रकाशक जिम्मेदार नहीं होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र