Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

गुरुग्राम, 04 मई (हि.स.)। बंगाल में भाजपा की जीत पर गुरुग्राम में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी एवं सशक्त नेतृत्व में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक एवं प्रचंड विजय हुई है।
भाजपा जिला कार्यालय गुरुकमल में कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की खुशी साझा की। पटाखे फोड़कर और ढोल-नगाड़ों के साथ विजय उत्सव मनाया। जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने कहा कि यह जीत पश्चिम बंगाल की जनता का सुशासन, विकास और राष्ट्रवाद के प्रति अटूट विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह परिणाम ममता बैनर्जी के कुशासन, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति को करारा जवाब है। बंगाल की जनता ने परिवर्तन का मार्ग चुनते हुए भाजपा को अपना समर्थन देकर नई दिशा देने का कार्य किया है।
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में विकास की जो गंगा बह रही है, उसी विश्वास के साथ बंगाल की जनता ने भाजपा को प्रचंड बहुमत दिया है। यह जीत आने वाले समय में बंगाल को विकास, सुशासन और समृद्धि के नए आयामों तक पहुंचाएगी।
इस अवसर पर भाजपा हरियाणा किसान मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष बेगराज यादव, प्रशिक्षण विभाग प्रदेश सह प्रमुख रश्मि अग्रवाल, जिला महामंत्री अजीत यादव, जिला उपाध्यक्ष अलीशा तोमर, जिला कार्यालय प्रभारी यादराम जोया, मीडिया सह प्रभारी राजन चौहान, वरुण चौहान, बीएलए वन भूपेंद्र यादव, बीएलए दो प्रवीण शर्मा, सभी जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर