विक्रमशिला सेतु हादसे पर मुख्यमंत्री की उच्चस्तरीय बैठक
-वैकल्पिक व्यवस्था अविलंब सुनिश्चित करने का आदेश पटना, 04 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में सोमवार को विक्रमशिला सेतु के एक स्पैन के क्षतिग्रस्त होने एवं उस पर की जा रही कार्रवाई को लेकर समीक्षात्मक बैठक हुई। बैठक में मुख्यमंत्
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समीक्षात्मक बैठक के दौरान


-वैकल्पिक व्यवस्था अविलंब सुनिश्चित करने का आदेश

पटना, 04 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में सोमवार को विक्रमशिला सेतु के एक स्पैन के क्षतिग्रस्त होने एवं उस पर की जा रही कार्रवाई को लेकर समीक्षात्मक बैठक हुई। बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने के कारण लोगों के लिये यातायात की वैकल्पिक व्यवस्था अविलंब सुनिश्चित करें ।

समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि 3 मई की मध्य रात्रि में विक्रमशिला सेतु के कुछ हिस्से के क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिली। जिला प्रशासन, पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की मुश्तैदी की वजह से इस हादसे में किसी भी तरह के जान माल का नुकसान नहीं हुआ है। जिला प्रशासन तथा पुलिस प्रशासन, भागलपुर प्रशंसा का पात्र है, जिसने त्वरित गति से कार्रवाई की। मैंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि स्थिति पर नजर रखें और प्रशासन पूरी तरह सक्रिय रहे ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने के कारण लोगों के लिये यातायात की वैकल्पिक व्यवस्था अविलंब सुनिश्चित करें। विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त भाग को यातायात पुनर्स्थापन हेतु विशेषज्ञों से तकनीकी प्रतिवेदन प्राप्त कर रेस्टोरेशन का कार्य सुनिश्चित करें। वर्तमान में उत्तर बिहार से आने वाले वाहन गंगा नदी पर बने श्रीकृष्ण सेतु, मुंगेर का उपयोग कर राष्ट्रीय उच्च पथ-33 (पुराना एनएच-80) के माध्यम से भागलपुर पहुंच सकते हैं।

उन्होंने कहा कि मुंगेर से भागलपुर पथ पर यातायात को व्यवस्थित करें ताकि लोगों का आवागमन आसानी से हो सके। इस पथ के 4 लेन के निर्माण कार्य को ससमय पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि पुलों के मेंटेनेंस के लिए बनाई गई पॉलिसी के तहत राज्य के सभी बड़े पुलों का एसओपी के तहत ऑडिट कराएं। सभी पुलों को मेनटेन रखें, अनुरक्षण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। जो भी अपने कर्तव्य का निवर्हन ठीक ढंग से नहीं करें, दोषी पाये जाने पर शीघ्र कार्रवाई करें।

सम्राट चौधरी ने कहा कि गंगा नदी पर इस पुल के समानांतर बनाए जानेवाले नये 4 लेन ब्रिज का निर्माण कार्य तेजी से पूर्ण करें। इस पुल के भागलपुर और नवगछिया दोनों तरफ सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखें और वाहन का प्रवेश वर्जित रखें। बिजली की व्यवस्था बेहतर रखें। नाव से आवागमन में एसओपी का पालन हो और यात्रियों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी