Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

अररिया 04 मई(हि.स.)। समाहरणालय स्थित परमान सभागार में डीएम विनोद दूहन के जनता दरबार में सोमवार को 45 मामलों पर सुनवाई की गई।
जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए फरियादियों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। प्राप्त मामलों में फर्जी लगान रसीद, शिक्षक के ट्रांसफर पर रोक, आशा बहाली, पंचायत क्षेत्र में बिजली पोल एवं तार की व्यवस्था, स्कूल में नामांकन नहीं होने की शिकायत, निःशुल्क निबंधन की अनुमति, आंगनवाड़ी बहाली में अनियमितता, भूमि विवाद एवं दखल कब्जा, वासगीत पर्चा निर्गत करने, निजी जमीन पर अतिक्रमण तथा बंदोबस्ती जमीन की नापी एवं सीमांकन आदि प्रमुख रूप से शामिल रहे।
जिलाधिकारी ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर