Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सहरसा, 04 मई (हि.स.)। जिला समन्वयक एवं निगरानी समिति दिशा की महत्वपूर्ण बैठक विकास भवन सभागार मे सोमवार को गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुई। बैठक में सांसद, मधेपुरा दिनेश चन्द्र यादव, सहरसा विधायक आई पी गुप्ता, सिमरी बख्तियारपुर विधायक संजय कुमार सिंह एवं महिषी विधायक गौतम कृष्ण, जिलाधिकारी दीपेश कुमार सहित वरीय पदाधिकारी की उपस्थिति रही।
बैठक के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास योजनाओं की प्रगति की विस्तृत एवं गहन समीक्षा की गई। साथ ही आगामी योजनाओं की रूपरेखा पर भी गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया, ताकि जिले के समग्र विकास को नई गति मिल सके। पूर्व बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की स्थिति का भी बिंदुवार आकलन किया गया, जिसमें कई योजनाओं में संतोषजनक प्रगति पाई गई, वहीं लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
जनप्रतिनिधियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़ी समस्याओं एवं जन-अपेक्षाओं को प्रमुखता से रखा गया। इस पर अध्यक्ष ने सभी संबंधित विभागों को त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। विशेष रूप से आधारभूत संरचना, सड़क, जल निकासी, एवं जनसेवा से जुड़े विषयों को प्राथमिकता देने पर बल दिया गया, ताकि आमजन को प्रत्यक्ष लाभ मिल सके। इसके अतिरिक्त,एनएचआई परियोजनाओं के अंतर्गत सवाढाला, सिमरी बख्तियारपुर के समीप तथा बैजनाथपुर अंडरपास के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए परियोजना निदेशक को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं।
बैठक में यह भी सुनिश्चित किया गया कि सभी विकास योजनाओं का लाभ समय पर आमजन तक पहुंचे, कार्यों में पारदर्शिता बनी रहे तथा प्रशासनिक जवाबदेही के साथ योजनाओं का क्रियान्वयन किया जाए। यह बैठक जिले के समन्वित एवं सतत विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुई।
हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार