Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जींद, 04 मई (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि शहर के समग्र विकास और सौंदर्यीकरण को गति देने के उद्देश्य से चालू वर्ष को विशेष रूप से जींद के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए समर्पित किया गया है। इस दौरान शहर में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने, सार्वजनिक स्थलों की खूबसूरती बढ़ाने तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। यह जींद को आधुनिक, स्वच्छ और आकर्षक शहर के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा शहर के वार्ड नंबर 17 स्थित ढाबा पार्क में आधुनिक ओपन जिम का उद्घाटन करने के दौरान आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इसके बाद उन्होंने रामराय गांव में जनसभा को संबोधित भी किया तथा गांव द्वारा रखी गई मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया। डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण लाल मिड्ढा ने कहा कि यह ओपन जिम क्षेत्र के लोगों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम होगा। उन्होंने बताया कि पार्क में आधुनिक सुविधाओं के साथ-साथ शौचालय का भी निर्माण करवाया जाएगा। जिससे नागरिकों को और अधिक बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
ओपन जिम में लगाए गए आधुनिक व्यायाम उपकरण हर आयु वर्ग के लोगों के लिए उपयोगी हैं। नियमित रूप से इनका उपयोग करने से शरीर की मांसपेशियां मजबूत होती हैं, लचीलापन बढ़ता है तथा हृदय संबंधी स्वास्थ्य में सुधार होता है। ढाबा पार्क में बनी यह जिम भी लोगों के मानसिक स्वास्थ्य की दृष्टि से भी बेहद उपयोगी साबित होगी। उन्होंने उपस्थित जन को आश्वस्त करते हुए कहा कि उन्हें मिले जनसमर्थन का ऋण वे विकास कार्यों के माध्यम से चुकाएंगे। उन्होंने कहा कि लोगों की सकारात्मक सोच ही किसी क्षेत्र को सुंदर और विकसित बनाती है। जींद को एक आदर्श और दर्शनीय शहर बनाने के लिए जनभागीदारी बेहद आवश्यक है। राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा