Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

भोपाल, 04 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में एक विवाहिता ने घर के भीतर फंदे पर लटककर जान दे दी। सोमवार सुबह महिला का शव कमरे में लटका मिलने से इलाके में दहशत फैल गई । पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, डोली कुमारी (28) कैलाश नगर, सेमरा इंडस्ट्रियल एरिया में अपने परिवार के साथ रहती थीं और पास की एक फैक्ट्री में काम करती थीं। उनके पति रंजीत कुशवाह ऑटो चालक हैं। परिवार में दो छोटे बच्चे भी हैं।
बताया जा रहा है कि रोजाना की तरह सोमवार सुबह करीब 6 बजे सास ने डोली को गाय का दूध निकालने के लिए उठाने की कोशिश की, लेकिन वह कमरे में नहीं मिलीं। तलाश करने पर दूसरे कमरे में उनका शव दुपट्टे के सहारे फंदे पर लटका मिला। परिजनों ने तुरंत उन्हें नीचे उतारा, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है।
मृतका के पति ने पुलिस को बताया कि दो दिन पहले डोली अपने कार्यस्थल के एक सुपरवाइजर के साथ बाहर गई थीं, जिसे लेकर परिवार में विवाद हुआ था, हालांकि उन्होंने मारपीट से इनकार किया है।
पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे