Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सीसीटीवी कैमरों से की लाइव मॉनिटरिंग, मतदान के लिए लगी लंबी लाइनें
जोधपुर, 04 मई (हि.स.)। राजस्थान बार काउंसिल चुनाव 2026 के तहत सोमवार को पुराना हाईकोर्ट परिसर पुनर्मतदान (री-पोलिंग)किया गया। भीषण गर्मी के बीच अधिवक्ताओं में मतदान को लेकर उत्साह देखा गया। हालांकि इस बार भी उन्हें मतदान के लिए लंबी लाइनों में लगना पड़ा। चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए मतदान केंद्रों के अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए जिनसे पूरी प्रक्रिया की लाइव निगरानी की गई। वोटर्स को लंबा इंतजार नहीं करना पड़े, इसके लिए यहां एक्स्ट्रा टेबल्स लगाई गई। जोधपुर के अलावा जयपुर हाईकोर्ट व सेशन कोर्ट और श्रीगंगानगर के रायसिंहनगर में भी आज पुनर्मतदान करवाया गया।
बार काउंसिल प्रशासन के अनुसार जोधपुर स्थित राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन में कुल 7,792 वकील मतदाता पंजीकृत हैं। इतनी बड़ी संख्या में मतदाताओं की सुविधा और चुनाव को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए पुराने हाईकोर्ट परिसर में नौ अलग-अलग पोलिंग स्टेशन स्थापित किए गए। वकीलों की भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए मतदाताओं का विभाजन उनके नामांकन (एनरोलमेंट) वर्ष के आधार पर किया गया। मतदान के लिए पुराने हाईकोर्ट परिसर में वकीलों के लिए दो प्रवेश द्वार निर्धारित किए गए जिनमें हेरिटेज बिल्डिंग मुख्य गेट और कलेक्ट्रेट गेट शामिल था। वकीलों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मोबाइल मजिस्ट्रेट कोर्ट के सामने और उसके आस-पास के जगह पर पार्किंग की व्यवस्था की गई। यहां आज वकीलों से कोई पार्किंग शुल्क नहीं लिया गया।
बार काउंसिल के चुनाव को लेकर पुलिस प्रशासन ने कड़े सुरक्षा प्रबंध किए। एडीसीपी (ईस्ट) वीरेंद्रसिंह ने बताया कि चुनाव के लिए पर्याप्त जाब्ता तैनात किया गया और करीब 100 से ज्यादा पुलिसकर्मियों ने व्यवस्था संभाली।उदयमंदिर थानाधिकारी सीताराम ने बताया कि पूर्व में यहां केवल चार बूथ थे, लेकिन इस बार नौ बूथ बनाकर अंदर-बाहर पूरी तरह से पुलिस बल तैनात किया गया। मतदान शांतिपूर्ण तरीके से हुआ। बता दे कि गत 22 अप्रैल को अनियमितताओं व हंगामे के बाद पोलिंग बूथों पर मतदान को निरस्त कर दिया गया था।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश