Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पटना, 04 मई (हि.स.)। भाजपा के दिग्गज नेता और पूर्व मंत्री मंगल पांडे के इस्तीफे से खाली हुई विधान परिषद की सीट पर पार्टी उम्मीदवार सूर्य कुमार शर्मा उर्फ अरविंद शर्मा ने निर्विरोध जीत दर्ज की है। सोमवार को उन्हें आधिकारिक तौर पर जीत का प्रमाणपत्र सौंप दिया गया, जिसके बाद भाजपा खेमे में उत्सव का माहौल है।
उप चुनाव में सिर्फ एक उम्मीदवार का नामांकन होने और नाम वापसी की समय सीमा समाप्ति के साथ ही औपचारिक घोषणा करते हुए रिटर्निंग ऑफिसर छोटे लाल पासवान ने आज भाजपा कैंडिडेट अरविंद शर्मा कोजीत का प्रमाण पत्र सौंपा।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दी शुभकामनाएं
भाजपा प्रत्याशी अरविंद शर्मा की जीत पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने खुशी जतायी है। उन्होंने कहा कि बिहार विधान परिषद की विधानसभा कोटे की सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा के सूर्य कुमार शर्मा (अरविंद शर्मा) का निर्विरोध निर्वाचित होना उनके संपूर्ण, सतत जनसेवा और संगठन के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उनकी मेहनत, निष्ठा और जनहित के प्रति लगन सराहनीय है। हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं।
निर्वाचित होने के बाद अरविंद शर्मा ने जीत का प्रमाणपत्र प्राप्त किया और इस बड़ी जिम्मेदारी के लिए शीर्ष नेतृत्व का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार प्रदेश अध्यक्ष के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि पार्टी ने एक साधारण कार्यकर्ता पर जो भरोसा जताया है, वह उस पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
मंगल पांडेय के इस्तीफे से खाली हुई थी सीट
यह सीट भाजपा के कद्दावर नेता और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। मंगल पांडे के विधान परिषद से हटने के बाद इस सीट पर उपचुनाव की घोषणा की गई थी। पार्टी ने इस बार किसी बड़े चेहरे के बजाय संगठन के लिए पर्दे के पीछे काम करने वाले निष्ठावान कार्यकर्ता सूर्य कुमार शर्मा (अरविंद शर्मा) को मौका देकर सभी को चौंका दिया ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी