Enter your Email Address to subscribe to our newsletters



सारण, 04 मई (हि.स.)। जलालपुर महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल के जलालपुर स्थित स्थानीय कार्यालय पर सोमवार को उत्सव जैसा माहौल रहा। भाजपा के चुनावी रुझानों और शानदार प्रदर्शन से उत्साहित होकर सांसद सिग्रीवाल ने अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ जीत का जश्न मनाया।
इस दौरान सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल एवं कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी की और भारत माता की जय के नारे लगाए। इस विजय उत्सव के अवसर पर बीजेपी के पश्चिमी जिला अध्यक्ष उमेश तिवारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल को अबीर-गुलाल लगाकर और मिठाई खिलाकर इस बड़ी सफलता की बधाई दी। सांसद ने भी जिला अध्यक्ष और वहां मौजूद अन्य कार्यकर्ताओं का मुंह मीठा कराया और एक-दूसरे को गले लगाकर जीत की शुभकामनाएं दीं।
सांसद सिग्रीवाल ने इस अवसर पर कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और विकास कार्यों की जीत है। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उमेश तिवारी ने कहा कि जनता ने एक बार फिर राष्ट्रवाद और विकास पर अपनी मुहर लगाई है। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे जिन्होंने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर खुशी साझा की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार