Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

दरभंगा, 04 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल, असम एवं पुडुचेरी में सम्पन्न विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की सफलता के उपलक्ष्य में लहेरियासराय टावर पर भाजपा जिला अध्यक्ष आदित्य नारायण मन्ना के नेतृत्व में भव्य विजय उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं समर्थक शामिल हुए, जहां उत्साह का माहौल देखने को मिला।कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाइयाँ खिलाकर खुशी जाहिर की तथा आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया।
विजय उत्सव को संबोधित करते हुए दरभंगा के सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने कहा कि यह जीत सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की जीत है। उन्होंने पश्चिम बंगाल, असम एवं पुडुचेरी में पार्टी की सफलता पर कार्यकर्ताओं एवं देशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि यह परिणाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए जनकल्याणकारी कार्यों, सुशासन और विकास पर जनता के अटूट विश्वास का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के उत्थान के लिए काम किया है, जिसका परिणाम आज सामने है।
केवटी के विधायक डॉ. मुरारी मोहन झा ने कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन की मजबूती की सराहना करते हुए कहा कि यही ऊर्जा पार्टी को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी। उन्होंने कहा कि “जहां डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जन्म हुआ, आज वह बंगाल भी भाजपा की झोली में आ चुका है।” उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इस विजय को जनसेवा के संकल्प के रूप में लेते हुए हर वर्ग तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाएं।
जिला अध्यक्ष आदित्य नारायण मन्ना ने कहा कि यह जीत देश की जनता के विश्वास और प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों की जीत है।
इस अवसर पर पूर्व विधायक अमरनाथ गामी, पूर्व जिला अध्यक्ष जीवछ सहनी, जिला उपाध्यक्ष अभयानंद झा, राजेश रंजन, सोनी पूर्वे, संगीता साह, विकास चौधरी, श्रवण कुमार मिश्रा, जिला महामंत्री विजय चौधरी, संतोष पोद्दार, सुजीत मल्लिक, जिला मंत्री राहुल पासवान, बालेंदु झा, सचिन जैन, जिला मीडिया प्रभारी मुकुंद चौधरी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।
पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना रहा और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra