Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 04 मई (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने विधानसभा चुनावों में पश्चिम बंगाल, असम एवं पुडुचेरी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की शानदार जीत पर खुशी व्यक्त करते हुए नगर निगम के कर्मचारियों के साथ इस उपलब्धि का उत्सव मनाया। इस अवसर पर उन्होंने कर्मचारियों को मिठाई वितरित कर अपनी प्रसन्नता साझा की।
स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने सोमवार को एक पत्रकार विज्ञप्ति में कहा कि यह जीत देश की जनता के विश्वास, सुशासन और विकास के एजेंडे पर लगी मुहर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा-एनडीए सरकार द्वारा किए जा रहे जनकल्याणकारी कार्यों को जनता का व्यापक समर्थन मिला है, जिसका परिणाम इन चुनावी सफलताओं के रूप में सामने आया है।
उन्होंने कहा कि यह जनादेश विकास, पारदर्शिता और जवाबदेही की राजनीति के पक्ष में है। इससे यह भी स्पष्ट होता है कि देश की जनता सकारात्मक और परिणाम आधारित शासन को प्राथमिकता देती है।
स्थायी समिति अध्यक्ष ने एमसीडी कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि इसी भावना के साथ निगम भी दिल्ली में बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने और जनसेवा के कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में भी भाजपा-एनडीए जनहित और विकास के एजेंडे को आगे बढ़ाते हुए जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी